क्राइमराष्ट्रीय

सीतामढ़ी में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन युवकों पर वारदात का शक

सीतामढ़ी। नगर थाना क्षेत्र के भासर पिकेट इलाके में गुरुवार देर शाम एक किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता की मां उसे लेकर नगर थाने पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा।

बताया जा रहा है कि पीड़िता रीगा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी मां के अनुसार, वह बेटी का उपचार कराने के लिए सीतामढ़ी शहर आई थी। इसी दौरान किशोरी भटककर भासर पिकेट क्षेत्र की ओर चली गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे जबरन टेंपो में बैठाया और सुनसान इलाके की ओर ले गए।

परिजनों के आरोप के मुताबिक, सरेह में तीन युवकों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद किशोरी की हालत देखकर उसकी मां उसे लेकर पुलिस के पास पहुंची।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िता व उसकी मां से घटना की जानकारी ली। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर भी जांच की और संभावित साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान करने में लगी है।

एसएसपी आशीष आनंद ने बताया कि मामले से जुड़े तकनीकी और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *