क्राइमराष्ट्रीय

गुवाहाटी में नवविवाहिता की हत्या से सनसनी, फ्रिज में मिला महिला का कटा सिर

दिसपुर। असम के गुवाहाटी में शादी के कुछ ही महीनों बाद एक नवविवाहिता की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शरीर के साथ भी भयावह तरीके से छेड़छाड़ की। पुलिस को महिला का सिर घर के फ्रिज में रखा मिला, जबकि शव के हाथ की उंगलियां भी कटी हुई थीं।

मामले का खुलासा रविवार को उस समय हुआ, जब अपार्टमेंट के पड़ोसियों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को महिला का सड़ा हुआ शव मिला। उसके हाथ की कुछ उंगलियां भी कटी हुई थीं।

मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है। पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान फ्रिज में रखे एक पॉलिथीन बैग से उसका कटा हुआ सिर बरामद किया।

बताया गया कि रिया और आरोपी पति की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और दोनों अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे। पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों को पिछले कुछ दिनों से नहीं देखा गया था और उनके मोबाइल फोन भी बंद थे। दंपती को आखिरी बार शुक्रवार को देखा गया था।

घटना के बाद आरोपी पति फरार था, लेकिन रविवार रात उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच और आरोपी के बयान के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *