क्राइमराष्ट्रीय

निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां। चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित टेंथ माइल स्टोन के पास 24 अगस्त को हुए निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया। मंगलवार को चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्तौल बरामद की है। पिस्तौल में एक जिंदा कारतूस भी मिला है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें कि 24 अगस्त को 33 वर्षीय निखार सबलोक को अपराधियों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची से घटना में इस्तेमाल लाल रंग की हुंडई आई-10 कार भी बरामद की थी।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इससे पहले 2 सितंबर को अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल दो पिस्टल भी बरामद हुई थीं।

एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, उलीडीह और आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच और कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *