क्राइमराष्ट्रीय

शराब के नशे में चाचा-भतीजे में विवाद, चाकू से गर्दन पर वार कर चाचा की हत्या

झज्जर। गांव बाढ़सा में शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक युवक ने अपने सगे चाचा की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बादली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गांव पटही निवासी कमलेश पुत्र बृजपाल के रूप में हुई है। वहीं, हत्या का आरोप उसके भतीजे मोनू पुत्र लाला पर लगा है। बताया गया है कि दोनों बाढ़सा गांव स्थित एक खेत में श्रमिकों के परिवार के साथ रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार सोमवार रात कमलेश और मोनू शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मोनू ने कथित तौर पर चाकू से कमलेश की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण कमलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी खेत मालिक को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बादली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया। मृतक के स्वजन के देर से पहुंचने के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

बादली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस विवाद की असली वजह, वारदात के समय मौके पर मौजूद लोगों और घटना के बाद आरोपित की गतिविधियों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *