क्राइमराष्ट्रीय

अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश, सोनू दरियापुर गिरोह से जुड़ा बदमाश गिरफ्तार; 8 हथियार बरामद

बाहरी दिल्ली। बाहरी उत्तर जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनू दरियापुर गिरोह से जुड़े एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल आठ अवैध हथियार बरामद किए हैं।

जांच के दौरान पुलिस को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अवैध हथियार बनाने वाली एक इकाई के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस अब इस इकाई और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर के साथ दूसरे राज्यों तक भी फैला हो सकता है।

पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार कहां तैयार किए जाते थे, उन्हें दिल्ली तक कैसे पहुंचाया जाता था और किन बदमाशों को इनकी सप्लाई की जाती थी।

अलीगढ़ स्थित हथियार निर्माण इकाई की जांच के लिए पुलिस टीम को वहां भेजा गया है। टीम मौके पर पहुंचकर हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और सामान के अलावा नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

वहीं, गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके जरिए नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य गिरफ्तारियां और अवैध हथियारों की बरामदगी भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *