जम्मू में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार; दो 250 KVA ट्रांसफार्मर बरामद
जम्मू। जानीपुर पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर दो 250 केवीए के चोरी किए गए ट्रांसफार्मर बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल एक टिपर और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बिजली विभाग के एईई विजय शर्मा की शिकायत पर दर्ज एफआईआर नंबर 161/2026 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। मामले में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में बजालता और संधोरी इलाके के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों की पहचान मोहम्मद यूनुस, असगर अली, मोहम्मद यूसुफ, जाकिर हुसैन और एक अन्य जाकिर हुसैन के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपितों ने जानीपुर, भलवाल और बजालता क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर रिंग रोड स्थित कोट भलवाल इलाके से दो 250 केवीए के ट्रांसफार्मर बरामद किए गए।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
