हरियाणा के ‘धाकड़’ खिलाड़ियों का जलवा: अंकुश, परवीन और सुजीत ने अपने शानदार दांव-पेंच से देश को दिलाया गोल्ड
हरियाणा – 2026 के एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग और कुश्ती में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। बॉक्सिंग में अंकुश पंघाल और परवीन हुड्डा ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि कुश्ती में सुजीत कलकल ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।
पुरुषों के 80 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग के फाइनल में अंकुश पंघाल का सामना दक्षिण कोरिया के किम मिनसियोंग से हुआ। अंकुश ने मुकाबले में 4-0 से जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। हरियाणा के हिसार जिले के भेरिया गांव के रहने वाले अंकुश ने पूरे मुकाबले में आक्रामक अंदाज बनाए रखा और अपने सटीक पंचों से प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया। यह बॉक्सिंग में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक रहा।
महिला बॉक्सिंग के 65 किलोग्राम वर्ग में परवीन हुड्डा ने भी भारत के लिए गोल्ड जीता। फाइनल में उनका मुकाबला चीनी ताइपे की पूर्व विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक पदक विजेता चेन निएन-चिन से हुआ। कड़े मुकाबले में परवीन ने स्प्लिट डिसिजन के जरिए 3-2 से जीत हासिल की। रोहतक जिले के रुड़की गांव की रहने वाली परवीन ने दबाव के बीच संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
इसके बाद कुश्ती के मैट पर सुजीत कलकल ने भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके प्रदर्शन के साथ ही भारतीय कुश्ती टीम के खाते में इस एशियन गेम्स का पहला गोल्ड आया।
एक ही दिन बॉक्सिंग और कुश्ती से मिले इन तीन स्वर्ण पदकों ने भारत के पदक अभियान को मजबूती दी। इन सफलताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही, जहां से अंकुश पंघाल, परवीन हुड्डा और सुजीत कलकल जैसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं
