बंगा हाईवे पर बड़ा हादसा: फ्लाईओवर से नीचे गिरी वॉल्वो बस, 4 यात्रियों की मौत; 16 गंभीर घायल
बंगा। पंजाब के बंगा हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मजारी गांव के पास उस समय हुआ, जब मनाली से अमृतसर जा रही पर्यटकों से भरी वॉल्वो बस फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित होकर नीचे स्लिप रोड पर जा गिरी। बस में चालक समेत कुल 41 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 4:40 बजे हुआ। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस फ्लाईओवर पर तेज गति से जा रही थी और अचानक नियंत्रण खोने के बाद पलटते हुए नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति को देखते हुए कुछ लोगों को बंगा से दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया।
बंगा के डीएसपी हरजीत सिंह रंधावा के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीमों ने बचाव अभियान के साथ यात्रियों के सामान को भी सुरक्षित करवाया।
हादसे में जान गंवाने वालों में केरल की रहने वाली और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की छात्रा जोसना जॉर्ज, अमृतसर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विशाल रट्टू और लुधियाना निवासी आदित्य गौतम शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद जोसना जॉर्ज और विशाल रट्टू के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। अन्य शवों को शिवपुरी बाबा गोला स्थित शवगृह में रखा गया था।
बस चालक हिरासत में, मामला दर्ज
पुलिस ने बस चालक विवेक कुमार, निवासी शर्णा गांव, बल्ह (रत्ती), जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस हादसे की वजह और चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में सुरक्षित बचे 21 यात्रियों को उनके सामान के साथ पुलिस ने घटनास्थल से रवाना कर दिया।
