आकाशवाणी भवन में घुसना राहुल-प्रियंका को पड़ा भारी, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नई दिल्ली। चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया ब्लॉक के कई सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान इन नेताओं ने बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश किया था।
दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया समाप्त करने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के 19 सांसद दलों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला था। संसद मार्ग पर पुलिस ने मार्च को रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हो गए।
विपक्षी सांसदों ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया और चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। राहुल गांधी ने कहा था कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। करीब आठ घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने रात करीब आठ बजे राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों को हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप पहुंचाया।
इसके बाद रात करीब 10 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य सांसदों को रिहा कर दिया गया। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य इंडिया ब्लॉक सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
