सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश। चचाई थाना क्षेत्र के विवेकनगर मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बंद माइंस के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से बाइक टकराने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों ने उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान करीब डेढ़ घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को मर्चुरी में रखा गया है। परिजनों के मुताबिक मृतक की बड़ी बहन के इटारसी से पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मृतक की पहचान विवेक राज क्षत्रिय, पिता स्वर्गीय जीत राज क्षत्रिय, निवासी विवेकनगर वार्ड क्रमांक 5 के रूप में हुई है। बताया गया कि विवेक एक कंपनी में काम करता था। बुधवार सुबह करीब 5 से 5:30 बजे वह अमलाई की ओर से काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। घर पहुंचने से करीब दो से ढाई किलोमीटर पहले विवेकनगर मुख्य मार्ग पर उसकी बाइक सड़क किनारे पहले से दुर्घटनाग्रस्त और खराब हालत में खड़े ट्रक से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाइक से बाहर निकाला और निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक घायल को सुबह करीब 6:16 बजे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते करीब 7:45 बजे उसकी मौत हो गई।
अस्पताल की सूचना के बाद जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि, परिजन तत्काल शव को अपने साथ नहीं ले जा सके।
बताया गया कि विवेक के पिता का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में उसका 17 वर्षीय छोटा भाई और बड़ी बहन हैं। बड़ी बहन वर्तमान में इटारसी में रहती हैं। उनके पहुंचने के बाद शव को मर्चुरी से ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना बाइक की तेज रफ्तार, सामने से आ रहे किसी वाहन से बचने के प्रयास या किसी अन्य वजह से हुई। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
