नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर समेत 4 गिरफ्तार
स्मैक, 863 ग्राम चरस और 52 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी सीज
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.55 ग्राम स्मैक, 863 ग्राम चरस और 52 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोपहिया स्कूटी को भी सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रायवाला, विकासनगर और क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्रों में की गई।
रायवाला में स्मैक के साथ गैंगस्टर गिरफ्तार
रायवाला पुलिस ने 27 अक्टूबर को रिजेंटा होटल के पास गश्त के दौरान राम दुबे (30) निवासी हरिपुरकलां को 5.55 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर सीज की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हरिद्वार जिले में गैंगस्टर एक्ट समेत चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ रायवाला कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विकासनगर में चरस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर पुलिस ने 27 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुरद्वीप (20) और राजेंद्र (35), दोनों निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश, के कब्जे से कुल 306 ग्राम चरस बरामद की। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई।
वहीं, ढालीपुर क्षेत्र से इन्तजार (36), निवासी ढालीपुर, विकासनगर को 557 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
क्लेमेंटाउन में देशी शराब बरामद
क्लेमेंटाउन पुलिस ने 28 अक्टूबर को दूधली रोड स्थित परी एनक्लेव के पास चेकिंग के दौरान वहीद खान (48), निवासी रेतावाला, नागल बुलंदावाला, को 52 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
