हरिद्वार के होटल में देह व्यापार की सूचना पर छापा, एक महिला समेत तीन गिरफ्तार; दो महिलाएं बरामद
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने संयुक्त रूप से एक होटल में छापेमारी की। होटल युवराज में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित रूप से देह व्यापार में शामिल एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मौके से दो महिलाओं को भी बरामद किया गया, जिन्हें पुलिस ने पीड़ित बताया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को टीम को सूचना मिली थी कि सिडकुल इलाके के होटल युवराज में देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में टीम गठित की गई और होटल में दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर एक महिला और दो पुरुष मिले, जिन्हें कथित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों की पहचान रूबी निवासी बिजनौर, हाल निवासी रावली महदूद, दीपक पाल निवासी हेतमपुर रोशनाबाद और सुमित सैनी निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला, कलियर के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान होटल से दो अन्य महिलाओं को भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, इन महिलाओं को पीड़ित के रूप में चिह्नित किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की ओर से प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला, उपनिरीक्षक राखी रावत, हेड कांस्टेबल राकेश, दीपक डबराल और महिला कांस्टेबल शशि बाला शामिल रहे। वहीं, सिडकुल थाने से उपनिरीक्षक प्रियंका इजराइल, कांस्टेबल जितेंद्र और मनीष ने सहयोग किया। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
