क्राइमराष्ट्रीय

छठ के प्रसाद को लेकर मां ने खोया आपा, चार साल की मासूम की मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में पूजा के प्रसाद को लेकर हुए विवाद में एक मां पर अपनी ही चार वर्षीय बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, परिवार में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। घर के सदस्य घाट बनाने के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि रीना कुमारी घर पर पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी।

इसी दौरान चार वर्षीय सुहानी ने तैयार पकवान को जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर मां ने बच्ची के साथ मारपीट की। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर रीना खुद बच्ची को लेकर एक निजी नर्सिंग होम पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पिता ने अपनी पत्नी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें सात वर्षीय शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार किया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *