ऋषिकेश में मोबाइल स्नेचिंग का पुलिस ने किया खुलासा, 1.36 लाख रुपये का मोबाइल बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। ऋषिकेश में एक युवक से महंगा मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 36 हजार रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल की गई Honda Activa स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को विकास पुत्र गिरीश निवासी गली नंबर-13, मनसा देवी, गुमानीवाला, ऋषिकेश ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मनसा देवी फाटक से घर जाते समय स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्ति पीछे से आए और उनके हाथ से Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 1,36,000 रुपये थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0-607/2026 के तहत धारा 304(2) BNS में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस की जांच और तलाश के दौरान 19 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मनसा देवी फाटक से नटराज की ओर जाने वाली सड़क के पास चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों अमन गोड और हिमांशु शर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई UK14J-3273 नंबर की Honda Activa स्कूटी को भी सीज कर दिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने मोबाइल छीनने की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद वे मोबाइल को कम कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. अमन गोड (24 वर्ष) पुत्र अंगद गोड, मूल निवासी ग्राम इन्दोली, थाना ऊभान, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश। वर्तमान निवासी गली नंबर-5, वार्ड नंबर-4, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश।
2. हिमांशु शर्मा (26 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र शर्मा, निवासी मोहल्ला धर्मकांटा, तहसील एवं थाना मीरगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश। वर्तमान निवासी बापू ग्राम, गली नंबर-3, आईडीपीएल, ऋषिकेश।
पुलिस ने की ये बरामदगी
एक Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन, कीमत करीब 1,36,000 रुपये।
वारदात में इस्तेमाल की गई एक Honda Activa स्कूटी, नंबर UK14J-3273।
