क्राइमराष्ट्रीय

शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, चार के खिलाफ केस दर्ज

अनपरा (सोनभद्र)। शादी का वादा कर युवती का यौन शोषण करने और गर्भवती होने के बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक के परिजनों और रिश्तेदारों पर भी धर्म बदलकर शादी करने के लिए दबाव डालने तथा ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर अनपरा थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शक्तिनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने सोमवार को अनपरा थाने में शिकायत दी। उसने आरोप लगाया कि रेणुसागर निवासी सलीम कुरैशी ने कई महीनों तक शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर युवती की मां ने पहले अनपरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस प्रकरण में सलीम फिलहाल जेल में बंद है।

पीड़िता के मुताबिक, सलीम के जेल जाने के बाद उसके भाई कलीम कुरैशी, बहन रिजवाना, आफरीन और रिश्तेदार नूरुल आफरीन ने उससे संपर्क करना शुरू किया। आरोप है कि सभी ने उसे धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए मनाने का प्रयास किया। युवती का कहना है कि इस संबंध में उससे कई बार बातचीत की गई और धर्म नहीं बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

युवती ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि वह कई बार जेल में बंद सलीम से मिलने गई थी। वहां भी उस पर धर्म परिवर्तन करके शादी करने का दबाव बनाया गया। आरोपियों की ओर से उसे एक मौलवी के पास ले जाने की बात भी कही गई।

पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि वह अपना धर्म नहीं बदलना चाहती। अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे के अनुसार, युवती की तहरीर के आधार पर सोमवार रात चार आरोपियों के खिलाफ धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *