मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- ढाई साल में मध्यप्रदेश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी, केन-बेतवा से डिफेंस कॉरिडोर तक कई ऐतिहासिक फैसले
भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और राज्यहित में कई ऐतिहासिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना, शिवपुरी डिफेंस कॉरिडोर, ग्वालियर टेलीकॉम जोन, उद्योग, कृषि, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा और समान नागरिक संहिता जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
मुख्यमंत्री भोपाल के होटल ताज लेकफ्रंट में न्यूज18 के विशेष साक्षात्कार में विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
ढाई साल में विकास की नई उपलब्धियां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते ढाई वर्षों में विकास को नई दिशा दी है। प्रदेश में कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिससे कृषि, उद्योग, जल प्रबंधन और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आएंगे।
उन्होंने कहा कि केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल जैसी अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं प्रदेश के जल संसाधनों और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करेंगी।
शिवपुरी में डिफेंस कॉरिडोर, ग्वालियर में टेलीकॉम जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से शिवपुरी में डिफेंस कॉरिडोर और ग्वालियर में टेलीकॉम जोन की स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं से निवेश बढ़ेगा, नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के हित में फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके साथ ही पदोन्नति और सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को गति दी गई है। वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन विकास और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया प्रेरणा स्रोत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहस, विनम्रता और सहनशीलता के प्रतीक हैं तथा राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वही उनके आदर्श हैं।
प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़कर 1 लाख 69 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना हो जाएगा, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीतियां बनाई गई हैं। निजी क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ उद्योगों के लिए श्रमिक एवं वेतन सहयोग जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं।
परीक्षा और भर्ती मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने इस दिशा में तत्परता दिखाते हुए प्रदेश के चार बड़े शहरों में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है।
विद्यार्थी जीवन और गुरुओं को किया याद
विशेष साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने विद्यार्थी जीवन, नाटकों में अभिनय, अध्ययन के प्रति रुचि और गुरुओं से मिले मार्गदर्शन के अनुभव भी साझा किए।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अपने गुरु गोपाल शर्मा तथा पद्मश्री भगवतीलाल राजपुरोहित का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में न्यूज18 की ओर से एमडी ज्योति कमल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार राम तिवारी, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
