क्राइमराष्ट्रीय

छात्रा को दंड देने से नाराज पिता ने प्रधानाध्यापक को पीटा, मुकदमा दर्ज

गोला (गोरखपुर)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे में छात्रा को देर से पहुंचने पर दंडित किए जाने से नाराज उसके पिता ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रधानाध्यापक की टी-शर्ट भी फाड़ दी गई। मामले में प्रधानाध्यापक की तहरीर पर गोला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक सितंबर को विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रार्थना सभा के दौरान देर से पहुंचने वाले छात्रों को दंडित किया गया था। इसी दौरान कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा अंशिका के पिता दिलीप कुमार विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक के कार्यालय में इस कार्रवाई को लेकर उनसे विवाद करने लगे।

प्रधानाध्यापक के मुताबिक, कहासुनी बढ़ने पर दिलीप कुमार ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी टी-शर्ट भी फट गई। घटना के बाद विद्यालय की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।

प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *