क्राइमराष्ट्रीय

महाराष्ट्र में हनीट्रैप का मामला: 56 वर्षीय व्यक्ति से 17.65 लाख रुपये ऐंठे, पुलिसकर्मी भी आरोपी

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हनीट्रैप के जरिए एक 56 वर्षीय व्यक्ति से 17.65 लाख रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि सात लोगों ने मिलकर पीड़ित को जाल में फंसाया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर करीब तीन महीने तक ब्लैकमेल किया। आरोपियों में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, कल्याण निवासी एक निजी कंपनी के कर्मचारी को 28 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाया। इसके बाद महिला और उसके साथियों ने आपत्तिजनक वीडियो का इस्तेमाल कर उससे लगातार पैसे की मांग की। पिछले तीन महीनों में पीड़ित से कुल 17.65 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है।

इस मामले में 3 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत जबरन वसूली का मामला दर्ज किया है। एफआईआर में डोंबिवली निवासी सीमा जगताप, उसकी मां भारती शाम ठाकुर (55), उसके पति सुमित सिंह समेत तीन अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें एक अज्ञात पुलिस कॉन्स्टेबल भी शामिल है।

अधिकारी के मुताबिक, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों और जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *