क्राइमराष्ट्रीय

रामपुर में गोकशी की तैयारी की सूचना पर पुलिस की मुठभेड़, एक आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

रामपुर। शहजादनगर थाना पुलिस की सतर्कता से रविवार देर रात चमरपुरा गांव के जंगल में कथित गोकशी की वारदात होने से पहले ही कार्रवाई की गई। पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी कुलदीप राणा टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार चमरपुरा गांव के जंगल में गोकशी की तैयारी में हैं और उनके पास पशु काटने के उपकरण भी मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुठिया गांव निवासी अखलाख के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका फरार साथी नौगवां गांव निवासी रिजवान बताया गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पशु काटने के उपकरण, प्लास्टिक का कट्टा, पाटल, चापड़, छुरी, लकड़ी का गुटका, काली पन्नी के तीन पैकेट, तमंचा और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, अखलाख के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनमें चोरी और गुंडा अधिनियम के मामले भी शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी रिजवान के खिलाफ गोकशी, गुंडा अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत तीन मुकदमों की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *