क्राइमराष्ट्रीय

बिहार से ट्रेन और दिल्ली से बस में गांजा लेकर पहुंचा रुद्रपुर, 14 किलो के साथ तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर। बिहार से ट्रेन के जरिए दिल्ली और फिर रोडवेज बस से रुद्रपुर गांजा लेकर पहुंचे एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 14 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

गुरुवार देर रात कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग करते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंची। पुलिस को चेकिंग करते देख एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें 14 बंडल में कुल 14 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जोगेंद्र कुमार पुत्र रामसेवक यादव, निवासी जयपुर थाना मेहंदिया, जिला अरवल, बिहार बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा रुद्रपुर में बेचने के लिए बिहार से लेकर आया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार से ट्रेन में गांजा लेकर दिल्ली पहुंचा और वहां से रोडवेज बस के जरिए रुद्रपुर आया था। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा मंगवाने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *