अंकित बलियान हत्याकांड की फर्जी जिम्मेदारी लेने वाला गिरफ्तार, लाइक्स-फॉलोअर्स के लिए बनाई थी वीडियो
शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को जांच से भटकाने और सोशल मीडिया पर झूठी अफवाह फैलाने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने केवल इंस्टाग्राम पर लाइक्स, फॉलोअर्स और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का ढोंग रचा था।
26 अगस्त को शामली के नालापटरी स्थित एक फिटनेस जिम के बाहर चार अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर सिंगर अंकित बालियान की हत्या कर दी थी। घटना के तुरंत बाद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक खुद को हत्यारा बता रहा था। वीडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी भूपेंद्र ढींगरा (मूल निवासी कृष्णा कॉलोनी, गुरुग्राम) को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में यह पूरी तरह साबित हो चुका है कि आरोपी का इस हत्याकांड या इसके असली शूटर्स से कोई लेना-देना नहीं है।
-
आरोपी की पहचान: भूपेंद्र ढींगरा (सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व कलाकार)।
-
गिरफ्तारी का कारण: पुलिस को गुमराह करना और फर्जी वीडियो के जरिए सनसनी फैलाना।
-
स्वीकारोक्ति: आरोपी ने माना कि नशे की हालत में लाइक्स और सब्सक्राइबर्स बढ़ाने के लिए उसने यह फर्जी वीडियो अपलोड किया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं असली हत्यारों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
