उत्तर प्रदेशक्राइमराष्ट्रीय

Instagram के निवेश विज्ञापन से शुरू हुआ खेल, युवक से ठगे ₹2.87 लाख

पहले ₹130 लौटाकर जीता भरोसा, फिर फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए कराए लाखों रुपये ट्रांसफर

अलीगढ़। बन्नादेवी क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। ठगों ने पहले सोशल मीडिया के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और छोटी रकम वापस कर उसका भरोसा जीता। इसके बाद निवेश में मोटे मुनाफे का लालच देकर उससे कुल 2.87 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम जाने के बाद कथित निवेश वेबसाइट बंद हो गई और आरोपियों ने संपर्क भी तोड़ दिया।

बन्नादेवी निवासी सूर्यांश आदित्य के अनुसार, कुछ समय पहले उन्हें इंस्टाग्राम पर निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप के मिलेनियम वेल्थ ग्रुप’ में शामिल कर निवेश के जरिए बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाया गया।

शुरुआत में ठगों ने विश्वास कायम करने के लिए छोटी रकम की निकासी कराई। सूर्यांश ने निवेश प्लेटफॉर्म की सच्चाई जांचने के लिए 130 रुपये निकालने का अनुरोध किया, जो उनके खाते में पहुंच गए। रकम वापस मिलने के बाद उन्हें प्लेटफॉर्म के वास्तविक होने का भरोसा हो गया।

इसके बाद आरोपियों ने उन्हें अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायत के मुताबिक, अलग-अलग लेनदेन के जरिए सूर्यांश ने कुल ₹2,87,460 ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद निवेश वाली वेबसाइट अचानक बंद हो गई। इसके बाद एक अलग मोबाइल नंबर से नई वेबसाइट का लिंक भेजा गया और एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। बाद में पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप से भी बाहर कर दिया गया।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बन्नादेवी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सीओ धनंजय कुमार के मुताबिक, मामले की विवेचना निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल नंबरों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में ठगों ने पहले छोटी रकम वापस कर भरोसा कायम किया और उसके बाद बड़ी रकम निवेश कराने का तरीका अपनाया। रकम हासिल करने के बाद वेबसाइट बदल दी गई और पीड़ित से संपर्क खत्म कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *