क्राइमराष्ट्रीय

गाड़ी हटाने को कहा तो युवक पर धारदार हथियार से हमला, दोनों बाजुओं में गंभीर चोटें

जम्मू। शहर के बनतालाब इलाके में गाड़ी हटाने के लिए कहने पर 23 वर्षीय युवक पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे युवकों ने अनुराग चिब को घेरकर मारपीट की, जिसमें उसके दोनों बाजुओं पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत को देखते हुए परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जम्मू से बाहर ले गए हैं।

अनुराग के मुताबिक, वह शाम के समय घर के पास स्थित दुकान से सब्जी लेने गया था। वहां दो गाड़ियां खड़ी थीं, जिनमें करीब आठ से दस युवक बैठे हुए थे। अनुराग ने उनमें से एक युवक से गाड़ी थोड़ा आगे करने के लिए कहा। इसी बात पर सभी युवक गाड़ियों से बाहर निकल आए और उस पर हमला कर दिया।

अनुराग ने बताया कि हमले के दौरान कुछ युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए। उसने एक युवक से हथियार छीनने की कोशिश की, लेकिन दूसरे युवकों ने उस पर वार कर दिए। हमले में उसकी दोनों बाजुओं पर गंभीर चोटें लगीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर अनुराग के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी बाजुओं की सर्जरी की बात कही। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए जम्मू से बाहर लेकर चले गए।

अनुराग ने हमलावरों में से एक की पहचान अर्जुन के रूप में बताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल कुछ युवकों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *