क्राइमराष्ट्रीय

नहर किनारे मंदिर के पुजारी की हत्या में दो गिरफ्तार, दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी

फरीदाबाद। बाइपास रोड स्थित सेक्टर-30 के पास नहर किनारे मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश की हत्या के मामले का सीआईए डीएलएफ ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि मंदिर के पास शराब पीने से रोकने पर आरोपितों ने गुस्से में पुजारी के सिर पर सिल-बट्टे के पत्थर से हमला कर दिया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 65 वर्षीय ओमप्रकाश ने नहर किनारे हनुमान जी के मंदिर में पूजा-पाठ के लिए एक छोटी कुटिया बना रखी थी। 30 अगस्त की रात अज्ञात लोगों ने कुटिया में रखे सिल-बट्टे से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। मामले में पुजारी के चचेरे भाई अशोक कुमार की शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।

जांच आगे बढ़ने पर मामला सीआईए डीएलएफ को सौंपा गया। एसीपी क्राइम अमन यादव के मुताबिक, टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक 20 वर्षीय आशिफ उर्फ टीटी और 34 वर्षीय आशिफ उर्फ कालिया को गिरफ्तार किया। दोनों आपस में दोस्त हैं और फिलहाल नहरपार की किसान मजदूर कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, टीटी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मंदिर के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान पुजारी ओमप्रकाश उन्हें वहां से जाने के लिए बार-बार कह रहे थे। नशा होने के बाद दोनों ने गुस्से में आकर पुजारी पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वारदात में कुल चार युवक शामिल थे। दो अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *