बिहारराष्ट्रीय

गयाजी से अयोध्या जा रही केरल के यात्रियों से भरी बस लॉरी से टकराई, 23 घायल

बक्सर। गया में पिंडदान की रस्म पूरी कर अयोध्या के लिए रवाना हुए केरल के यात्रियों की टूरिस्ट बस सोमवार तड़के बक्सर में हादसे का शिकार हो गई। वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पार करने के बाद सड़क किनारे खड़ी लॉरी में बस पीछे से जा भिड़ी। दुर्घटना में बस चालक रमेश स्वामी समेत 23 यात्री घायल हो गए। चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चार यात्रियों का बक्सर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के मुताबिक, केरल से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। गयाजी में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। बस रविवार रात करीब 10 बजे गया से चली थी। सोमवार सुबह करीब तीन बजे बस वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पार कर रही थी। पुल पार करने के बाद उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश से पहले ही बस सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई।

हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी सीटों से आगे गिर पड़े। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना में चालक रमेश स्वामी को सबसे अधिक चोटें आई हैं। घायलों में के. वेणु राव, के. राजेश्वरी राव, के. नारायण राव, के. स्वामी राव, के. विजयल राव, के. संपत राव, पी. इलैया, जी. राम रेड्डी, जी. राजू रेड्डी, के. संपत, वी. सर्वैया, बी. इलैया, वी. रामा राव, टी. एहेशिया, पी. वेंकट राव, टी. संपत राव, टी. नरसिंह राव और जी. राजेश्वरी राव समेत अन्य यात्री शामिल हैं। चार यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घायल यात्री के. स्वामी ने बताया कि टक्कर के समय वह बस में सो रहे थे। तेज आवाज के बाद हुई टक्कर में वह आगे वाली सीट से जा टकराए। वहीं राम राव के अनुसार, बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोट लगी। उन्होंने चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की बात कही। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्री अस्पताल से छुट्टी लेकर बक्सर स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से अपनी आगे की यात्रा पर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *