राजस्थानराष्ट्रीय

जयपुर में पंचायत चुनाव का बिगुल, आज से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया; 22 अक्टूबर को मतदान

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जयपुर जिले में पहले चरण के चुनाव की प्रक्रिया गुरुवार, 8 अक्टूबर से शुरू हो रही है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए आज लोकसूचना जारी होने के साथ नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।

पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान से एक दिन पहले 21 अक्टूबर को मतदान दल अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

इन चुनावों में मतगणना मतदान के दिन नहीं होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गिनती 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू की जाएगी।

वहीं, पहले चरण में पंच और सरपंच पदों के चुनाव की प्रक्रिया भी 8 अक्टूबर से शुरू होगी। इन पदों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच उसी दिन सुबह 11:30 बजे से होगी, जबकि दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

पंच और सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *