उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

बागपत के खेकड़ा बाजार में एक परचून की दुकान में लगी भीषण आग, दो की मौत

दो सिलिंडर फटे

बागपत। बागपत के खेकड़ा बाजार में पुलिस चौकी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने दुकान के साथ ऊपर बने मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुकान में रखे पटाखों में आग लगने के बाद हालात बिगड़े और दो सिलिंडर भी धमाके के साथ फट गए। हादसे में कई लोग झुलस गए, जबकि दो लोगों की मौत की सूचना है।

पटाखों में आग लगने के बाद मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, खेकड़ा बाजार में पुलिस चौकी के नजदीक व्यापारी प्रदीप जैन की परचून की दुकान है। बताया जा रहा है कि दुकान में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से होते हुए मकान तक पहुंच गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

दो सिलिंडर फटे, कई लोग झुलसे

आग के बीच मकान में रखे दो सिलिंडर भी फट गए। धमाकों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में व्यापारी प्रदीप जैन के बेटे अंकुर जैन समेत तीन लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

मकान में फंसे लोगों को निकालने में जुटी पुलिस

आग लगने के दौरान बिन्नू प्रसाद जैन समेत दो महिलाएं और दो बच्चों के मकान के अंदर फंसे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने के साथ ही राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या की मौत की सूचना

हादसे में 38 वर्षीय स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या जैन की मौत की सूचना है। वहीं, आग में झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *