पंजाबराष्ट्रीय

पंजाब में बारिश से बदला मौसम, तापमान में गिरावट; अगले दो दिन बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट

पटियाला। पंजाब में मौसम के बदलते मिजाज से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश और हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। अब यह सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

रात के तापमान में अब भी गर्मी का असर

दिन में पारा गिरने के बावजूद रात के तापमान में अभी ज्यादा राहत नहीं मिली है। राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। पठानकोट में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रहा, जबकि बठिंडा में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में बारिश की कमी

आंकड़ों के अनुसार, 2 से 8 अक्टूबर के बीच पंजाब में सामान्य से 55 प्रतिशत कम बारिश हुई। इस अवधि में कई जिलों में पूरे सप्ताह बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि कुछ इलाकों में अच्छी बरसात हुई।

होशियारपुर में 16.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 385 प्रतिशत अधिक रही। वहीं पठानकोट में 9.5 मिलीमीटर और रूपनगर में 3.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *