पंजाबराष्ट्रीय

SGPC चुनाव कराने की मांग तेज, चार सिख संगठनों ने अमित शाह को लिखा पत्र

अमृतसर – शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के आम चुनाव कराने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। चार सिख संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर संस्था में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने और नए प्रतिनिधियों के चुनाव कराने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण कमेटी के प्रतिनिधित्व और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस संबंध में सिख चिंतक मंच, पंचक बुद्धिजीवी काउंसिल, सिख फोरम और सिख यूथ फेडरेशन ने संयुक्त रूप से ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट आरएस बिंद्रा, अवतार सिंह, हरी सिंह और गुरबख्श सिंह थिंद शामिल रहे। संगठनों ने मांग की है कि गुरुद्वारा चुनाव आयोग को जल्द से जल्द आम चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएं।

सिख संगठनों ने अपने ज्ञापन में सिख गुरुद्वारा एक्ट, 1925 का हवाला देते हुए कहा कि हर पांच साल में चुनाव कराए जाने चाहिए। हालांकि, वर्ष 2011 के बाद से SGPC के आम चुनाव नहीं हुए हैं। संगठनों के अनुसार, इतने लंबे समय तक चुनाव नहीं होने से संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने चुनाव की समय-सीमा निर्धारित करने और नए नेतृत्व के चयन का रास्ता साफ करने की मांग की है।

ज्ञापन में SGPC के मौजूदा हाउस की संरचना पर भी सवाल उठाए गए हैं। संगठनों के मुताबिक, 191 सदस्यों वाले हाउस में कई सदस्यों के निधन और इस्तीफे के कारण सीटें खाली हो चुकी हैं। फिलहाल करीब 144 सदस्य ही बचे होने का दावा किया गया है। ऐसे में संगठनों का कहना है कि नए चुनाव कराकर प्रतिनिधित्व को मजबूत करना जरूरी है।

सिख संगठनों ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने पर भी जोर दिया है। उनके अनुसार, वर्ष 2011 के चुनाव के दौरान करीब 57 लाख मतदाता पंजीकृत थे। इनमें पंजाब के लगभग 52.69 लाख, हरियाणा के 3.75 लाख, हिमाचल प्रदेश के 23 हजार और चंडीगढ़ के करीब 12 हजार मतदाता शामिल थे।

वहीं, वर्ष 2024 में पंजाब से लगभग 51.04 लाख मतदाता पंजीकरण आवेदन प्राप्त होने का उल्लेख करते हुए संगठनों ने आंकड़ों और पंजीकरण प्रक्रिया की समीक्षा की जरूरत बताई। उन्होंने पात्र सिख मतदाताओं का पारदर्शी तरीके से पंजीकरण कराने और नई मतदाता सूची तैयार करने की मांग की है।

संगठनों ने केंद्र सरकार और गुरुद्वारा चुनाव आयोग से इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि SGPC के आम चुनाव कराए जा सकें और संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *