दुर्गा पूजा पर झारखंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 6750 गृह रक्षक तैनात, 14 से 23 अक्टूबर तक संभालेंगे मोर्चा
रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्यभर में पूजा पंडालों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इसके तहत कुल 6,750 गृह रक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ये जवान 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
राजधानी रांची सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में दुर्गा पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 14 अक्टूबर से श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के महानिदेशक-सह-महानिरीक्षक कार्यालय की ओर से सभी जिला समादेष्टाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को निर्धारित संख्या में गृह रक्षकों को ड्यूटी के लिए तैयार रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जवान उपलब्ध कराए जा सकें।
निर्धारित योजना के मुताबिक, रांची में सबसे अधिक 600 गृह रक्षक तैनात होंगे। वहीं, जमशेदपुर और हजारीबाग में 500-500 तथा गिरिडीह में 400 जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा गढ़वा, लातेहार, खूंटी, गुमला, चतरा, लोहरदगा, सिमडेगा, रामगढ़, कोडरमा, पलामू, दुमका, साहिबगंज और सरायकेला-खरसावां समेत अन्य जिलों में भी जरूरत के अनुसार सुरक्षा बल लगाए जाएंगे।
पूजा पंडालों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवा दस्ते के सदस्य भी सहयोग करेंगे। अतिरिक्त जवानों की तैनाती से भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरे राज्य में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के माता के दर्शन कर सकें।
