राष्ट्रीय

रुड़की में अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार

उत्तराखंड STF और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद

तमंचे बेचकर पैसा कमाने की फिराक में थे आरोपी, वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार सीज

रुड़की। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में कथित रूप से शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

STF को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। इस पर STF देहरादून की टीम ने थाना सिविल लाइन रुड़की क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने ऑल्टो कार में सवार दो युवकों को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें दो अवैध तमंचे बरामद हुए।

पैसों के लालच में तमंचे बेचने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पैसों के लालच में तमंचे बेचने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की। उनके अनुसार, तमंचे खरीदने वाला व्यक्ति मौके पर ही मिलने वाला था। हालांकि, आरोपियों ने उस व्यक्ति की पहचान के संबंध में अनभिज्ञता जताई। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (21), निवासी कृष्णा नगर, गली नंबर-9, गंगनहर, हरिद्वार और हर्ष (22), निवासी आजाद नगर, पनियाला रोड, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर के तमंचे और एक ऑल्टो कार बरामद की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तमंचे खरीदने वाले व्यक्ति की पहचान और अवैध असलहों की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

STF और रुड़की पुलिस की टीम रही शामिल

संयुक्त कार्रवाई में STF की ओर से निरीक्षक एनके भट्ट, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, प्रमोद पंवार, महेंद्र नेगी, गौरव चौधरी और कांस्टेबल कादर शामिल रहे। वहीं, रुड़की पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल सोबन सिंह और गुलबहार शामिल रहे।

उत्तराखंड STF ने स्पष्ट किया है कि संगठित गिरोहों, इनामी अपराधियों और अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *