क्राइमराष्ट्रीय

सोनभद्र में गांजा तस्करी का खुलासा, कैंटर से 60.525 किलो नशीला पदार्थ बरामद; चालक गिरफ्तार

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ, राबर्ट्सगंज कोतवाली और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार रात चुर्क-पुलिस लाइन मार्ग के मोड़ के पास एक आयशर कैंटर की तलाशी लेकर 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने वाहन चालक ऋषि कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वह एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के किशनपुर गांव का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ की टीम उपनिरीक्षक लोकेंद्र कुमार के नेतृत्व में सोनभद्र पहुंची थी। इसके बाद एसओजी और राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

सोमवार रात टोल प्लाजा से पहले चुर्क-पुलिस लाइन मार्ग के मोड़ पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चोपन की ओर से आ रहे एक आयशर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में काजू के छिलकों से भरे कट्टे रखे हुए थे। जांच के दौरान इनके बीच छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक कट्टों से गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी चालक ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा के भुवनेश्वर क्षेत्र से गांजा लेकर आ रहा था। इस खेप को एटा जिले में एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की आपूर्ति कहां से हुई और इस तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एटा में दो और राबर्ट्सगंज कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल करने के साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच अब गांजे की खेप के स्रोत, उसके संभावित खरीदार और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर केंद्रित है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *