क्राइमराष्ट्रीय

देहरादून में घरों से गैस सिलेंडर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, तीन सिलेंडर और स्कूटी बरामद

बंजारावाला क्षेत्र के दो घरों को बनाया था निशाना, नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को दिया अंजाम

देहरादून। राजधानी देहरादून में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना पटेलनगर पुलिस ने बंजारावाला क्षेत्र में घरों से गैस सिलेंडर चोरी करने की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन घरेलू गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बंजारावाला निवासी मनोज बहुगुणा और सुनीता सेमवाल ने अपने घरों से गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत थाना पटेलनगर में दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।

चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर क्षेत्र से आरोपी मोनू रावत (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बंजारावाला क्षेत्र के दो घरों से गैस सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए तीन घरेलू गैस सिलेंडर और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है। अपनी नशे की लत और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी किए गए सिलेंडरों को वह बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू रावत पुत्र जय प्रकाश निवासी वाणी विहार कॉलोनी, पानी की टंकी के पास रायपुर रोड, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। उसका मूल निवास चाकीसैंण, पौड़ी गढ़वाल बताया गया है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *