उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

. राजा भैया के कार्यक्रम पर सपा का विरोध तेज, धीरेंद्र शास्त्री की कथा रद्द करने की उठी मांग

प्रतापगढ़।  उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित हनुमंत कथा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से बेंती में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम पर समाजवादी पार्टी ने सवाल खड़े करते हुए विरोध तेज कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद अब प्रतापगढ़ से पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने भी कथा के आयोजन पर आपत्ति जताई है और इसे रद्द करने की मांग की है।

सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपने विवादित बयानों के जरिए समाज में भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्ची निकालने के नाम पर लोगों को गुमराह किया जाता है। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि धर्म को कमाई का जरिया बना लिया गया है। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों को धार्मिक मंच उपलब्ध नहीं कराया जाना चाहिए, जिनके बयानों से सामाजिक विवाद पैदा होने की आशंका हो।

अखिलेश यादव ने भी उठाए सवाल, कार्यक्रम रद्द करने की मांग

इससे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े कथित विवादित वीडियो और टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि ऐसी गतिविधियों के पीछे किसका संरक्षण है।

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में इसे सनातन विरोधी गतिविधि बताते हुए कहा कि भगवान और धार्मिक आस्थाओं से जुड़ी ऐसी सामग्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए संबंधित व्यक्ति के सभी कार्यक्रम रद्द किए जाने की मांग की। अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।’

गौरतलब है कि प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र स्थित बेंती के परेड ग्राउंड में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य हनुमंत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *