क्राइमराष्ट्रीय

मेवात में महिला के कपड़ों में पहुंचा चोर, मोबाइल दुकान से पांच लाख नकद और 40 फोन लेकर फरार

पुन्हाना। मेवात के पुन्हाना क्षेत्र में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। यहां एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में सेंध लगाने के लिए आरोपी ने महिला के कपड़े पहनकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब पांच लाख रुपये नकद और 30 से 40 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

दुकानदार खल्ली के मुताबिक, गांव के मुख्य चौराहे पर उसकी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। यहां नए और पुराने मोबाइल फोन की बिक्री के साथ मरम्मत का काम भी किया जाता है। इसके अलावा वह मोबाइल वितरण और बुजुर्गों व दिव्यांग पेंशनधारकों को नकद राशि उपलब्ध कराने का काम भी करता है। सोमवार शाम को उसने दुकान में करीब पांच लाख रुपये रखे थे और कई ग्राहकों के मोबाइल भी मरम्मत के लिए वहां मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी दुकान के पीछे स्थित खाली प्लाट की तरफ से पहुंचा। वह दीवार पार कर अंदर आया और रोशनदान तोड़कर दुकान में दाखिल हो गया। इसके बाद उसने दुकान में रखी नकदी और मोबाइल फोन समेटे और उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया।

सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा देखकर उसे चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिसकर्मियों के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।

ग्रामीणों ने गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले 26 अक्टूबर को भी एक मकान में चोरी हुई थी, जहां से जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन गायब कर दिए गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले एक महीने में गांव में चोरी की 10 से 15 घटनाएं हो चुकी हैं।

दुकानदार ने गांव में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उसका कहना है कि रात के समय संदिग्ध लोग बेखौफ घूमते हैं, जिससे चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। अब ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *