क्राइमराष्ट्रीय

शराब पीने से मना करने पर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला कर 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, दो गिरफ्तार

गोइलकेरा। झारखंड के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। गम्हरिया पंचायत के रायरोवां गांव में साथ बैठकर शराब पीने से मना करने पर दो युवकों ने एक 50 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान जरका अंगरिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम गांव के ही गुलिया कुम्हार (42) और प्रधान अंगरिया (26) शराब के नशे में जरका के घर पहुंचे थे। दोनों ने उसे अपने साथ शराब पीने चलने के लिए कहा, लेकिन जरका ने उनका प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। इसी बात को लेकर घर के आंगन में विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर जरका की बेटी भी बाहर आ गई और उसने आरोपियों के साथ जाने से इनकार करते हुए अपने पिता का पक्ष लिया। इससे नाराज दोनों युवकों ने जरका पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े। हमले में गंभीर रूप से घायल जरका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने ग्रामीण मुंडा गोशन अंगरिया को इसकी जानकारी दी। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मंगलवार सुबह ग्रामीण मुंडा ने गोइलकेरा थाने को घटना से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

छापेमारी कर दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी की और हत्या के आरोप में गुलिया कुम्हार तथा प्रधान अंगरिया को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों और मृतक के बीच पहले से भी रंजिश चली आ रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *