जितिया पर्व पर यमुना में बड़ा हादसा, स्नान करने गईं दो युवतियों की डूबने से मौत
परिवार के साथ स्नान करने पहुंची थीं घाट
नई दिल्ली। जितिया पर्व के अवसर पर यमुना में स्नान करने पहुंची दो युवतियों की डूबने से मौत हो गई। दर्दनाक हादसा वजीराबाद यमुना पुल के पास स्थित सूर घाट पर हुआ। दोनों युवतियां अपने परिवार के साथ पर्व मनाने और यमुना स्नान के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर वहां मौजूद गोताखोरों ने तुरंत नदी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान जखीरा निवासी 18 वर्षीय काजल कुमारी और 18 वर्षीय पिंकी कुमारी के तौर पर हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तिमारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं दोनों
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त नीहारिका भट्ट के मुताबिक, जितिया पर्व के चलते दोनों युवतियां अपने परिजनों के साथ सूर घाट पहुंची थीं। यमुना में स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं। उन्होंने पानी से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गईं।
परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
हादसे के बाद मृतक युवतियों के परिजनों ने घाट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गहरे पानी वाले हिस्से में पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। इसके अलावा घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
