क्राइमराष्ट्रीय

हजारीबाग की कोल माइंस में देर रात फायरिंग, ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर चलाई गईं गोलियां, इलाके में दहशत

केरेडारी । झारखंड के हजारीबाग जिले में कोयला खनन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। केरेडारी स्थित चट्टी बारियातू कोल माइंस में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर गोलीबारी कर दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद से कंपनी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, पगार ओपी थाना क्षेत्र में संचालित कोल माइंस में रात के समय अज्ञात हमलावरों ने कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कंपनी और स्थानीय इलाके में भय का माहौल बनाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को तीन खोखे बरामद हुए हैं। इसके अलावा हमलावरों की पहचान करने के लिए कंपनी के मुख्य गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।

कोयला खनन से जुड़े इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में हुई गोलीबारी ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और किसी गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *