कांग्रेस की नई जिम्मेदारी संभालने से पहले गुरु घर पहुंचे परगट सिंह, सचिन पायलट भी रहे साथ
अमृतसर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने गुरुवार को अमृतसर पहुंचकर अपने नए राजनीतिक सफर की शुरुआत धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने के साथ की। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे परगट सिंह ने गुरु घर में नतमस्तक होकर अरदास की और नई जिम्मेदारी के लिए आभार जताया।
इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। श्री हरिमंदिर साहिब में दर्शन के बाद परगट सिंह ने कहा कि वह गुरु घर में शुकराना करने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करने और पंजाब में संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर रहेगा।
परगट सिंह के अमृतसर दौरे को कांग्रेस के भीतर एकजुटता के संदेश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ने की तस्वीर पेश करने की कोशिश नजर आई।
श्री हरिमंदिर साहिब के बाद परगट सिंह और सचिन पायलट के श्री दुर्गियाना मंदिर, रामतीर्थ और सेंट पॉल चर्च पहुंचने का भी कार्यक्रम है। कांग्रेस की ओर से धार्मिक स्थलों पर मर्यादा बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील की गई है।
वहीं, परगट सिंह 11 अक्तूबर को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में औपचारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले अमृतसर से शुरू किया गया उनका धार्मिक दौरा नई जिम्मेदारी की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
