पंजाबराष्ट्रीय

अमृतसर एयरपोर्ट के पास 2-3 संदिग्ध ड्रोन दिखने से हड़कंप, 3 उड़ानें डायवर्ट

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन नजर आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। रविवार रात आसमान में दो से तीन ड्रोन उड़ते दिखाई देने पर सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाते हुए हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया। इस दौरान अमृतसर पहुंचने वाली तीन उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने परिसर और उसके आसपास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी। जवानों ने तत्काल इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों तथा विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों का संचालन रोकने का फैसला किया।

ड्रोन दिखाई देने के कारण तीन प्रमुख उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वहीं, मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इसके अलावा कुआलालंपुर से अमृतसर पहुंच रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-118 को भी दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया।

अचानक उड़ानों का मार्ग बदलने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ा। शुरुआती दौर में उड़ानों के प्रभावित होने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से कुछ यात्रियों में नाराजगी भी देखी गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने के संकेत मिलने लगे।

अमृतसर एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 6 सितंबर की रात भी रनवे और परिचालन क्षेत्र के नजदीक ड्रोन जैसी गतिविधि देखे जाने की सूचना मिली थी। उस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से करीब 90 मिनट तक हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित रहा था। उस समय अमृतसर आने वाली सात व्यावसायिक उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ भेजना पड़ा था।

रविवार रात की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। फिलहाल संदिग्ध ड्रोन कहां से आए और उन्हें कौन संचालित कर रहा था, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *