पंजाबराष्ट्रीय

पंजाब में बारिश से 3.8 डिग्री गिरा तापमान, 21 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान

पंजाब। पंजाब में बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बठिंडा और जालंधर में सबसे अधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

कई जिलों में हुई बारिश, तापमान में गिरावट

वीरवार को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पठानकोट में 29.0 एमएम, पटियाला में 12.6 एमएम, गुरदासपुर में 6.1 एमएम, बठिंडा में 5.0 एमएम, अमृतसर और जालंधर में 3.0-3.0 एमएम, जबकि लुधियाना में 1.4 एमएम बारिश हुई।

बारिश का असर अधिकतम तापमान पर भी दिखाई दिया। अमृतसर में पारा 26.5 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, लुधियाना में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और पठानकोट में 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिन की तुलना में अमृतसर में तापमान 5.4 डिग्री और पटियाला में 5.5 डिग्री तक गिर गया।

बठिंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे बना रहा। बठिंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच भी कई इलाकों में बारिश हुई। इस दौरान पठानकोट में 31.5 एमएम, गुरदासपुर में 15.5 एमएम और फरीदकोट में 18.5 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।

17 से 21 अक्टूबर तक शुष्क रह सकता है मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में मौसम की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि, इसके बाद 17 से 21 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *