पुलिस स्मृति दिवस पर बोले सीएम योगी, नए यूपी में कानून से ऊपर कोई नहीं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि देश की सुरक्षा, समाज में शांति बनाए रखने और नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों का साहस, शौर्य और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पित इन वीर जवानों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
2017 से पहले के हालात का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया और अराजक तत्वों का दबदबा था। उस दौर में कानून की रक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राणों का बलिदान देना पड़ा था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। इसके साथ ही पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता में दस गुना वृद्धि की गई है। सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है, जबकि सभी जनपदों में साइबर थानों और प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम और जवाबदेह बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत गैंगस्टर एक्ट में 88,973 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ये कदम अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की सख्त नीति को दर्शाते हैं।
भयमुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिसकर्मियों का बलिदान सरकार को सुरक्षित और न्यायपूर्ण समाज बनाने की जिम्मेदारी का लगातार एहसास कराता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान और उनके परिजनों के त्याग को सम्मान देते हुए सरकार उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाने के लिए अपने प्रयास जारी रखेगी।
