क्राइमराष्ट्रीय

देहरादून में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के कसोल से चरस लाकर देहरादून में बेचने की थी तैयारी, आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास दबोचा गया आरोपी

देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात सामने आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF उत्तराखंड के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF/ANTF की टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 1108 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान युसुफ पुत्र तौसीफ, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून, मूल निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून पहुंचने की बात बताई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ के चरस होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर थाना क्लेमेंटाउन में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी

STF उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न होने का आह्वान किया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा STF/ANTF उत्तराखंड को सूचित करें।

कार्रवाई में शामिल टीम: STF/ANTF की टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठानी, कांस्टेबल रवि पंत, प्रदीप कुमार और दीपक नेगी शामिल रहे। थाना क्लेमेंटाउन की ओर से उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल रणवीर शाह ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *