भोजपुर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस का खुलासा, दो निजी सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
आरा। भोजपुर जिले में शस्त्र लाइसेंस के सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। निजी सिक्योरिटी एजेंसी में तैनात दो सुरक्षा गार्डों को अवैध शस्त्र लाइसेंस रखने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों बैंक कैश ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लगे हुए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो बंदूकें, सात कारतूस और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गीधा थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव निवासी भूपेंद्र पाठक और बिहिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी प्रेमचंद यादव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में दोनों के पास मौजूद शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध पाए गए। सत्यापन के बाद इनके फर्जी और अवैध होने की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
पीरो के डीएसपी कन्हैया कुमार ने बताया कि इस मामले में दोनों सुरक्षा गार्डों के साथ संबंधित निजी सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक को भी आरोपित बनाया गया है। सभी के खिलाफ चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के मुताबिक, भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर जिले में शस्त्र लाइसेंस की जांच और सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चरपोखरी थाना पुलिस ने संबंधित एजेंसी में काम करने वाले दोनों गार्डों के लाइसेंस की जांच की थी। तलाशी के दौरान एक नाली और दो नाली बंदूक के अलावा सात कारतूस, शस्त्र अनुज्ञप्ति से जुड़े कागजात और पहचान पत्र मिले।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि उन्होंने फर्जी शस्त्र लाइसेंस कहां से हासिल किए और इस पूरे मामले में एजेंसी संचालक की क्या भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
