क्राइमराष्ट्रीय

दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर रोडरेज में युवक की हत्या, 75 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

गोहाना । दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर मामूली सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान जाने का कारण बन गया। बरोदा थाना पुलिस ने कपड़ा कंपनी में सहायक बिक्री प्रबंधक के पद पर कार्यरत 28 वर्षीय प्रह्लाद की गोली मारकर हत्या करने के मामले में 75 वर्षीय आरोपी रामचंद्र हुड्डा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहतक का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, प्रह्लाद मूल रूप से पंजाब के लुधियाना स्थित राजगुरु क्षेत्र का निवासी था। वह अपने साथी हरिओम के साथ बुधवार तड़के कार से कैथल से रोहतक लौट रहा था। जब उनकी कार गोहाना क्षेत्र में खानपुर खुर्द और आहुलाना गांव के बीच दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी पीछे से आ रही रामचंद्र की तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आरोपी मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर आगे निकलने लगा। इस पर प्रह्लाद और हरिओम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

आरोप है कि बहस के दौरान रामचंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। उसने पहले प्रह्लाद को डराने के लिए गोली चलाई, लेकिन जब विवाद शांत नहीं हुआ तो दूसरी गोली चला दी। गोली लगने से प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

हरिओम अपने घायल साथी को तत्काल पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कीं।

जांच के दौरान पुलिस ने एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य सुराग जुटाए। इनके आधार पर पुलिस आरोपी रामचंद्र हुड्डा तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और वाहन बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *