झारखंडराष्ट्रीय

झारखंड भाजपा के नए प्रभारी गजेंद्र पटेल रांची पहुंचे, एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत

रांची: सोमवार को झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के रांची आगमन पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एक भव्य और उत्साही स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज और पार्टी कार्यकर्ताओं के जोरदार नारों से गूंज उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं सह-प्रभारी सौरभ सिंह, तथा बिहार विधान परिषद की सदस्य सह सह-प्रभारी निवेदिता सिंह जैसे ही रांची पहुँचे, वहाँ मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का प्रदर्शन करते हुए तीनों नेताओं का फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा, पारंपरिक नृत्य और ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं में नए संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर भारी उत्साह और उमंग देखने को मिली।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इन नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों के कुशल नेतृत्व में झारखंड में संगठन को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी तरह एकजुट कर जमीनी स्तर पर मजबूती से काम करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

इस भव्य स्वागत समारोह में झारखंड भाजपा के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री शालिनी बैसिखियार, सरोज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, विरंची नारायण, सीमा सिंह, सन्नी टोप्पो, संदीप वर्मा, सूरज शाहदेव, वरुण साहू, धीरज महतो, जितेंद्र वर्मा और जितेंद्र पटेल सहित तमाम नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *