इंदौर में दर्दनाक सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई गाड़ी, व्यापारी की मौत
परिजनों ने मेट्रो निर्माण पर उठाए सवाल
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 44 वर्षीय व्यापारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर लौटते समय उनकी तेज रफ्तार कार सड़क पर मेट्रो निर्माण कार्य के लिए रखे गए डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल महाराजा यशवंतराव अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर कृष्ण एवेन्यू निवासी कमल वागेला, पिता दुर्गाशंकर वागेला के रूप में हुई है। कमल हेयर कॉस्मेटिक का कारोबार करते थे। रविवार रात करीब 12 बजे वह अपने कुछ परिचितों और दोस्तों के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में उनके साथी अलग-अलग रास्तों से अपने घर चले गए। इसके कुछ देर बाद ही घर से थोड़ी दूरी पर कमल की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
राहगीरों ने सड़क पर कमल को घायल अवस्था में देखा तो तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा हैं।
हादसे के बाद परिजनों ने मेट्रो निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर निर्माण कार्य के लिए डिवाइडर तो रखे गए थे, लेकिन वहां पर्याप्त संकेतक या चेतावनी की व्यवस्था नहीं थी। इसी वजह से यह हादसा हुआ।
वहीं, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
