राष्ट्रीयहरियाणा

हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 7 से 12 अक्टूबर के बीच बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

हिसार। अक्टूबर शुरू होने के बावजूद हरियाणा में गर्मी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हालांकि तापमान में कुछ राहत मिली है, लेकिन दिन के समय तेज धूप और गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर रही है। इसी बीच चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCSHAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और शुष्क हवाओं के प्रभाव से पिछले चार-पांच दिनों में हरियाणा के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 7 से 12 अक्टूबर के बीच लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

पहला पश्चिमी विक्षोभ 7 अक्टूबर को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा। इसके असर से 7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक खासकर उत्तरी हरियाणा में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों तथा दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

इसके बाद 9 अक्टूबर को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर के बीच हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

बारिश का दौर खत्म होने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। इससे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी तथा उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *