क्राइमराष्ट्रीय

जाफराबाद में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, युवक को अगवा कर चाकू से किया हमला, दो गिरफ्तार

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक को जबरन अपने साथ ले जाकर उस पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया और समीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर भी बरामद किया है। वहीं, घटना में शामिल तीसरा आरोपी शाकिर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 19 नवंबर की देर रात करीब डेढ़ बजे की है। उस समय असलम राशिद जाफराबाद स्थित असलम राशिद बिरयानी के पास मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर अब्बास, समीर और शाकिर वहां पहुंचे। तीनों की असलम से पहले से जान-पहचान थी। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पहले से विवाद चल रहा था। अब्बास ने करीब डेढ़ साल पहले ब्लेड से हमला किए जाने की घटना को लेकर असलम को धमकाया। इसके बाद जब असलम ने वहां से निकलने की कोशिश की तो तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर ब्रह्मपुरी की गली नंबर 21 में ले गए।

आरोप है कि ब्रह्मपुरी पहुंचने के बाद तीनों ने असलम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उसके गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल असलम को एक राहगीर की मदद से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद जाफराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर को मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया को गिरफ्तार किया, जबकि समीर को 22 नवंबर को दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। अब पुलिस फरार आरोपी शाकिर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *