क्राइमराष्ट्रीय

भगवानपुर की प्रताप कॉलोनी में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, बाइक और लाखों के जेवर लेकर फरार

रुड़की। हरिद्वार जिले के भगवानपुर कस्बे में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। प्रताप कॉलोनी में लंबे समय से बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए वहां से मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी से भरी बच्चों की गुल्लक चोरी कर ली। चोरी की यह घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, प्रताप कॉलोनी निवासी अनिल शर्मा और उनके दो बेटे पिछले महीने हत्या के एक मामले में जेल गए थे। इसके बाद से उनका मकान बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर रविवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात चोर घर में घुस गए। आरोपियों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर अंदर कमरों में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया।

घर के अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने अलमारी और अन्य सामान की तलाशी ली। इस दौरान वे सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के सिक्के, चांदी की शाव और बच्चों की गुल्लक अपने साथ ले गए। इसके अलावा मकान के आंगन में खड़ी मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली गई। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

सोमवार सुबह आसपास रहने वाले लोगों ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा। पास जाकर जांच करने पर ताले टूटे मिले और घर में सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने अनिल शर्मा के रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी गई। इसमें रात करीब 3:30 बजे कुछ संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड मिली हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मामले में भगवानपुर निवासी रामपाल ने पीड़ित पक्ष के रिश्तेदार के तौर पर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *